उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से जारी भीषण गर्मी और तपिश से परेशान लोगों को गुरुवार को कुदरत ने बड़ी राहत दी। दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट बदली और राजधानी देहरादून समेत कई पहाड़ी इलाकों में झमाझम बारिश के साथ भारी ओलावृष्टि हुई। पहाड़ों की रानी मसूरी में तो नजारा ऐसा था मानो एक बार फिर दिसंबर की सर्दी लौट आई हो। भारी ओलावृष्टि के कारण सड़कें, माल रोड और छतों पर सफेद चादर सी बिछ गई, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई।
मसूरी में गुरुवार सुबह से ही बादलों की आवाजाही जारी थी, लेकिन दोपहर बाद अचानक आसमान में काली घटाएं छा गईं और देखते ही देखते तेज बारिश के साथ ओले गिरने लगे। ओलावृष्टि इतनी जबरदस्त थी कि कुछ ही मिनटों में पूरा शहर सफेद नजर आने लगा। ठंडी हवाओं के चलने से मौसम में अचानक ऐसी ठंडक आई कि स्थानीय लोगों और पर्यटकों को अलमारी में रख दिए गए गर्म कपड़े और जैकेट दोबारा निकालने पड़े। मौसम के इस यू-टर्न ने झुलसाने वाली गर्मी को पूरी तरह गायब कर दिया है। एक ओर जहां देश-विदेश से पहुंचे पर्यटक इस 'दिलकश' मौसम का लुत्फ उठा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर स्थानीय काश्तकारों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच गई हैं। मसूरी के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भारी ओलावृष्टि से बगीचों और खेतों में तैयार खड़ी सब्जियों व फलों की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है। किसानों का कहना है कि अचानक हुई इस ओलावृष्टि से पैदावार पर बुरा असर पड़ सकता है। हालांकि, माल रोड और गनहिल जैसे पर्यटन स्थलों पर पर्यटक बारिश और ओलों के बीच सेल्फी लेते और इस यादगार पल को कैद करते नजर आए। मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों के लिए अगले तीन दिनों का 'येलो अलर्ट' जारी किया है। विभाग के अनुसार, आने वाले 72 घंटों में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तेज बारिश और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है। इसे देखते हुए प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं।

