Feb 02, 2026

देहरादून छात्रा हत्याकांड से उत्तराखंड में हड़कंप, एसएसपी ने हत्या की पुष्टि की

post-img

देहरादून। विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के ढालीपुर गांव में 12वीं कक्षा की छात्रा की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। बुधवार शाम को लापता हुई 18 वर्षीय मनीषा तोमर का शव गांव से करीब एक किलोमीटर दूर झाड़ियों में खून से सनी हालत में मिला। हत्या की क्रूरता ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने मामले में छात्रा के चचेरे भाई पर गंभीर संदेह जताया है,जो घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।

परिजनों के अनुसार, मनीषा बुधवार शाम अपने चचेरे भाई सुरेंद्र के साथ बाइक से दांत में दर्द की दवा लेने के लिए विकासनगर गई थी। देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटी तो परिजन चिंतित हो गए। रात करीब 9 बजे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद गांव से कुछ दूरी पर झाड़ियों के पास उसका शव मिला। शव की हालत बेहद भयावह थी। गले पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे, वहीं पहचान मिटाने की नीयत से चेहरे को पत्थर से बुरी तरह कुचल दिया गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का है और इसमें चचेरे भाई की भूमिका संदिग्ध प्रतीत हो रही है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मनीषा की निर्मम हत्या से पूरे गांव में दहशत और गुस्से का माहौल है। बेटी का ऐसा दर्दनाक हाल देखकर परिजन सदमे में हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही खुलासा किया जाएगा।