Feb 02, 2026

फरवरी से कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर हुआ महंगा

post-img

नई दिल्ली। वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण आज संसद में बजट पेश करेंगी। बजट से पहले फरवरी की पहली तारीख को एलपीजी सिलेंडर के उपभोक्ताओं को ऑयल मार्केटिंग कंपनियों-इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिन्दुस्तान पेट्रोलियम ने झटका दे दिया है। कॉमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम में 50 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। हालांकि घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इंडियन ऑयल की ऑफिशियल वेबसाइट के मुताबिक दिल्ली में 19 किलोग्राम वाला कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 1 फरवरी से 1740.50 रुपये में मिल रहा है। इसी तरह मुंबई में इस सिलेंडर की कीमत बढ़कर 1692 रुपये हो गई है। कोलकाता में इस सिलेंडर की कीमत अब 1844.50 रुपये हो गई है, वहीं चेन्नई में 1899.50 रुपये में उपलब्ध है। पेट्रोलियम मार्केटिंग से जुड़ी सरकारी कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी सिलेंडरों के दामों की समीक्षा करती हैं। इससे पहले जनवरी महीने में 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की गई थी। वहीं, बीते साल नवंबर और दिसंबर में इन सिलेंडरों के दामों में क्रमशः पांच और दस रुपये की कटौती की गई थी। 1 फरवरी 2026 से विमान ईंधन यानी एटीएफ की कीमतों में कमी की गई है। राजधानी दिल्ली में एक किलोलीटर एटीएफ की कीमत घटकर 778.85 डॉलर हो गई है, जो पहले 791.48 डॉलर थी। रुपये में देखें तो अब 1,000 लीटर एटीएफ के लिए 91,393.39 रुपये चुकाने होंगे, जबकि पहले इसकी कीमत 92,323.02 रुपये थी। कोलकाता में एटीएफ का भाव घटकर 817.19 डॉलर या 94,445.62 रुपये प्रति किलोलीटर हो गया है। वहीं मुंबई में इसकी कीमत 778.56 डॉलर या 85,474.63 रुपये और चेन्नई में 774.26 डॉलर या 94,781.99 रुपये प्रति किलोलीटर तय की गई है।