उत्तरकाशी। युवा पत्रकार राजीव प्रताप की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार पत्रकार राजीव प्रताप की हत्या नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटना में मौत हुई है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना की रात को राजीव शराब के नशे में थे। पुलिस उपाधीक्षक जनक पंवार के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज से भी इस बात की पुष्टि हुई है कि वो लड़खड़ाते हुए चल रहे थे और गाड़ी को गलत दिशा में चला रहे थे। उन्होंने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि 18 सितंबर को शाम करीब 7 बजे राजीव अपने पूर्व विद्यार्थी और कैमरामैन मनबीर कलूड़ा के साथ पुलिस लाइन में नियुक्त मुख्य आरक्षी सोबन सिंह से मिलने गए थे। तीनों ने देर रात 10 बजे तक टैक्सी स्टैंड पर बैठकर शराब पी। इसके बाद सोबन सिंह वहां से निकल गए, लेकिन राजीव के कहने पर वे वापस आए। राजीव और सोबन सिंह ने फिर से बाजार जाकर एक होटल में खाना खाया और शराब पी। रात करीब 11 बजे राजीव होटल से बाहर आए। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखा कि वो नशे में लड़खड़ा रहे थे। थोड़ी देर बाद सोबन सिंह भी बाहर आए और दोनों गाड़ी में बैठे। सोबन सिंह थोड़ी देर बाद बाहर आ गए और राजीव ड्राइविंग सीट पर बैठ गए। फुटेज में गाड़ी के अंदर राजीव के अलावा कोई और व्यक्ति नहीं दिखा। उन्होंने बताया कि रात 11ः24 बजे सोबन सिंह ने राजीव के मोबाइल पर बात की। इसके बाद राजीव की गाड़ी बद्री तिराहा, तेखला पुल और अंत में रात 11ः38 बजे गंगोरी पुल के सीसीटीवी कैमरे में गंगोरी की तरफ जाते हुए दिखी। इस दौरान भी गाड़ी में राजीव के अलावा कोई और नहीं था। गंगोरी पुल के बाद लगे एटीएम और पेट्रोल पंप के सीसीटीवी में राजीव का वाहन कहीं नहीं दिखा। सोबन सिंह ने पुलिस को बताया कि उन्होंने राजीव को बहुत समझाया कि वो गाड़ी आगे न ले जाएं, क्योंकि वो नशे में थे लेकिन राजीव ने उनकी बात नहीं मानी और यह कहकर चले गए कि वो थोड़ी दूर जाकर वापस आ जाएंगे। सोबन सिंह ने सोचा कि शायद वो अपनी बहन के घर कोट बंगला गए होंगे और वो उनके पीछे पैदल गए लेकिन राजीव नहीं मिले। यह सोचकर कि सुबह गाड़ी ले लेंगे सोबन सिंह अपने कमरे में वापस चले गए। पुलिस का मानना है कि रात 11ः40 बजे के आसपास राजीव का वाहन गंगोरी में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी यह बात साफ हो गई। उन्होंने कहा कि राजीव का शराब के नशे में होना, गाड़ी को गलत दिशा में चलाना और गाड़ी चलाने का बहुत कम अभ्यास होना इस बात की पुष्टि करता है कि यह एक सड़क दुर्घटना थी। फिलहाल इस पूरे मामले की जांच एसआई दिलमोहन बिष्ट कर रहे हैं।
Trending
सीएम ने चारधाम यात्रा 2026 के लिए सुविधाएं आधुनिक बनाने के साथ देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने की प्रतिबद्धता जताई
AAP में राघव चड्ढा की चुप्पी पर उठे सवाल
उत्तराखंड प्रशासन 19 अप्रैल से गंगोत्री और यमुनोत्री प्रवेश बिंदुओं पर प्रतिबंधित पदार्थों की सख्त जांच लागू करेगा
हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज के डॉ. पंकज ने हिमालयी तीर्थ मार्गों पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और प्रभावी प्राथमिक उपचार के बारे में बताया
अंतरराष्ट्रीय यात्रा परामर्श और क्षेत्रीय तनाव ने वसंत के पीक ट्रेकिंग महीनों के दौरान उत्तरकाशी के साहसिक पर्यटन क्षेत्र को कड़ी टक्कर दी
उत्तराखंड सरकार चारधाम यात्रा के लिए अनिवार्य वाहन फिटनेस जांच और ग्रीन कार्ड प्रणाली के माध्यम से सड़क दुर्घटनाएं कम करने पर केंद्रित
जनगणना 2026 का पहला चरण मकान सूचीकरण पर केंद्रित है जिसमें डेटा हेरफेर या त्रुटियों को रोकने के लिए प्रगणकों की सख्त निगरानी होगी
दीर्घकालिक कानून व्यवस्था बनाए रखने और रात की अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए देहरादून में जारी रहेगा 'ऑपरेशन प्रहार'