Apr 03, 2026

रामनगर के प्रसिद्ध आध्यात्मिक स्थल हनुमान धाम में आज हनुमान जन्मोत्सव पर भव्य भंडारा और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे

post-img

भगवान हनुमान की जयंती (हनुमान जन्मोत्सव) के अवसर पर प्रदेश भर के मंदिरों में आज विशेष पूजा-अर्चना, भंडारे और महाआरती का भव्य आयोजन किया जाएगा। 'जय कपीस तिहूं लोक उजागर' वाली प्रसिद्ध चौपाई के अनुसार वानरराज की महिमा तीनों लोकों में विख्यात है। इसी भक्ति भाव के साथ रामनगर के ग्राम छोई में स्थित हनुमान धाम आज श्रद्धालुओं का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।

ग्राम छोई के हनुमान धाम को भारत के पांचवें धाम के रूप में विकसित किया गया है। वर्ष 2011 में करीब पांच एकड़ भूमि पर इसकी नींव रखी गई थी। यह दुनिया का एकमात्र ऐसा मंदिर है जहां भगवान हनुमान के नौ स्वरूपों और 12 लीलाओं के कुल 21 दिव्य स्वरूप स्थापित किए गए हैं। हर दिन यहां लगभग चार से पांच हजार श्रद्धालु पहुंचकर इन 21 स्वरूपों के दर्शन कर आशीर्वाद लेते हैं। हनुमान जन्मोत्सव के मौके पर इस संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है।हनुमान धाम ने प्रसिद्ध गर्जिया देवी मंदिर के बाद रामनगर को धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में नई पहचान दी है। यहां धार्मिक पर्यटकों की बढ़ती संख्या के कारण आसपास होटल और रिजॉर्ट्स का निर्माण हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिले हैं। मानस खंड योजना के तहत हनुमान धाम और गर्जिया देवी मंदिर दोनों को चयनित किया गया है। इस योजना के अंतर्गत दोनों धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है, जिससे इन स्थानों की सुविधाएं और आकर्षण और बढ़ेगा। हनुमान जन्मोत्सव पर छोई हनुमान धाम में विशेष पूजा, भंडारे और भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। भक्तों का मानना है कि 21 स्वरूपों के दर्शन से मनोकामनाएं पूरी होती हैं और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। आज के इस पावन अवसर पर भक्त सुबह से ही धाम पहुंचना शुरू कर देंगे।